मिर्जापुर के आदर्शग्राम सेमरी में 24वां शारदीय नवरात्रि दुर्गापूजनोत्सव धूमधाम से शुरू
मिर्जापुर: प्राचीन, ऐतिहासिक, आध्यात्मिक, गौरवशाली और क्रांतिकारी आदर्शग्राम सेमरी में इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 24वां दुर्गापूजनोत्सव बड़े उत्साह के साथ शुरू हुआ। गांव के सभी युवाओं ने बढ़-चढ़कर इस आयोजन में हिस्सा लिया, जिससे सामाजिक एकता और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
नवरात्रि के प्रथम दिन माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती, श्री गणेश और कार्तिकेय स्वामी की 5 फीट ऊँची मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। मातृभक्त ईश्वरीशरण द्विवेदी ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर महादेव और माँ काली की आकर्षक झाँकियाँ निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए ग्राम सभा के बच्चे, बुजुर्ग, युवा, नर-नारी सभी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
नौ दिनों तक चलने वाले इस पूजनोत्सव में मूर्ति पूजन के साथ-साथ कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इनमें सुंदर कांड पाठ, नौ कन्या पूजन, माता की चौकी और भजन संध्या जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। आयोजन के समापन पर दशहरे के दिन मूर्ति विसर्जन भंडारे के साथ होगा।
विंध्यवासिनी दुबे, राहुल दुबे, बजरंगी दुबे, शिवरंगी दुबे, डीह रोशन मिश्र, शुभम तिवारी सहित गांव के तमाम बच्चे और युवा हर कार्य में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्साह को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि गांव की एकता और सामुदायिक भावना को भी मजबूत कर रहा है।
आदर्शग्राम सेमरी का यह दुर्गापूजनोत्सव क्षेत्र में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है।
Comments
Post a Comment