नवरात्रि के चौथे दिन माँ गंगा महाआरती में मुख्य अतिथि बने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार


मिर्जापुर: शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन विंध्याचल के पक्का घाट पर माँ विंध्यवासिनी मंदिर के समीप माँ गंगा महाआरती का भव्य आयोजन विंध्य विकास परिषद के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री पवन कुमार गंगवार और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रियंक पाण्डेय शामिल हुए।
आयोजन की शुरुआत गंगा आरती प्रमुख श्री रामानंद तिवारी और उनकी टीम द्वारा संकल्प, माँ गंगा का दुग्ध स्नान और विशेष पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात माँ गंगा की महाआरती प्रारंभ की गई, जिसमें रिद्धि-सिद्धि के प्रतीक के रूप में कन्याओं ने थाल लेकर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और अर्चकों के साथ मिलकर माँ गंगा की आरती उतारी। 
इस दौरान गंगा तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जो भक्तों के लिए एक अलौकिक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। 
जिलाधिकारी श्री पवन कुमार गंगवार ने माँ गंगा से जिले और प्रदेश की सुख-समृद्धि व मंगल कामना के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा, "माँ गंगा की कृपा से हमें जीवन में शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। जब भी माता बुलाएंगी, मैं यहाँ आता रहूंगा।" 
वहीं, विशिष्ट अतिथि श्री प्रियंक पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा, "पहली बार विंध्याचल में माँ गंगा की आरती में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। माँ का आह्वान होने पर मैं बार-बार यहाँ आऊंगा।"
महाआरती के समापन के बाद गंगा आरती प्रमुख श्री रामानंद तिवारी और उनकी टीम ने मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार गंगवार और विशिष्ट अतिथि श्री प्रियंक पाण्डेय को अंगवस्त्र और माँ विंध्यवासिनी का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर गंगा आरती के संस्थापक श्री रामानंद तिवारी, जितेंद्र मिश्रा, प्रशांत उपाध्याय, धीरज तिवारी, आनंद तिवारी, गगन माली, रितिक मोदनवाल, बलवंत सिंह, विश्वनाथ जी, हिमांशु मिश्रा, राज तिवारी, रमेश राम जी माली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर विंध्याचल धाम में माँ गंगा और माँ विंध्यवासिनी की एकात्मता भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत बनी हुई है। आयोजन में शामिल सैकड़ों भक्तों ने माँ गंगा के दर्शन और पूजन कर अपने जीवन को कृतार्थ माना। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। नवरात्रि के शेष दिनों में भी ऐसे भव्य आयोजन जारी रहेंगे।

Comments

Popular posts from this blog

ऐतिहासिक पुनरुत्थान वार्ड 221 में आकाश राज पुरोहित ने रचा नया अध्याय, हजारों मतों के भारी अंतर से दूसरी बार नगरसेवक बने सनातनी मूल्यों की विजय का प्रतीक

मुंबादेवी श्याम मित्र मंडल की नवरात्रि में जल वितरण सेवा

मातृभूमि की धरोहर अनुवां के लाल कुंजबिहारी पांडेय, समाजसेवा के प्रतीक बने ग्रामप्रधान पद के प्रबल दावेदार